राष्ट्रीय

महुआ मोइत्रा भी छोड़ेंगी ममता बनर्जी का साथ? TMC सांसद ने अचानक कर दी मोदी सरकार की तारीफ

बंगाल चुनाव में हार के बाद से ममता बनर्जी की टीएमसी लगातार बिखरती जा रही है. ममता के कई नेता पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं. इसी बगावत के बीच अब महुआ मोइत्रा भी मोदी सरकार की तारीफ करने लगी हैं.

तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी बगावत के बीच ममता बनर्जी की करीबी और पार्टी की फायर ब्रांड नेता महुआ मोइत्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पश्चिम बंगाल की सियासत में नया बवंडर खड़ा कर दिया है. महुआ ने राजनाथ सिंह के लिखे एक लेटर की फोटो पोस्ट करते हुए मोदी सरकार की सराहना की.

ऐसे में अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या ममता बनर्जी का साथ छोड़कर महुआ भी बागी नेताओं की लिस्ट में शामिल हो सकती हैं. टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा लिखे गए एक आधिकारिक लेटर की फोटो शेयर की है. इसमें रक्षा मंत्री ने महुआ मोइत्रा द्वारा उठाए गए मुद्दे की सराहना की है.

महुआ मोइत्रा ने लिखा, “राजनाथ सिंह जी, सशस्त्र बलों की विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट जारी रखने के प्रति आपकी सहानुभूति के लिए आपका धन्यवाद. उम्मीद है कि वित्त मंत्रालय के अधिकारी भी वैसी ही सहानुभूति दिखाएंगे और इस आपत्तिजनक प्रस्ताव को कभी आगे नहीं बढ़ाएंगे. जय हिंद.”

राजनाथ सिंह ने लेटर में क्या लिखा?

मोइत्रा के नाम के इस लेटर में राजनाथ सिंह ने लिखा कि कृपया लोकसभा में नियम 377 के तहत आपके द्वारा उठाए गए उस मामले पर ध्यान दें, जिसमें सेवा के दौरान घायल हुए लेकिन रिटायरमेंट तक ड्यूटी जारी रखने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों की विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट हटाने के फैसले की समीक्षा करने की बात कही गई थी. राजनाथ सिंह आगे लिखते हैं कि इस मामले की जांच की गई है. जानकारी मिली है कि रक्षा बलों के कर्मियों को दी जाने वाली विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट का मामला वित्त मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है.

उन्होंने आगे बताया कि इस मुद्दे पर चिंता को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा अधिसूचित वित्त अधिनियम 2026 के नोट 12 में कहा गया है कि अधिसूचित संशोधन उस तारीख से या उसके बाद लागू होंगे, जिसे केंद्र सरकार इस संबंध में अधिसूचित करेगी. ऐसा अधिसूचना जारी होने तक भारतीय सशस्त्र बलों के विकलांग अधिकारियों की पूरी विकलांगता पेंशन और सेवा वाला हिस्सा इनकम टैक्स से मुक्त रहेगा.

टीएमसी में बगावत जारी

पिछले कुछ समय से टीएमसी के अंदर बगावत की खबरें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं. ऐसे में महुआ मोइत्रा का ये पोस्ट सोचने पर मजबूर कर रहा है कि क्या वे भी बगावती नेताओं की कतार में तो शामिल नहीं हो रही हैं. एक तरफ ममता बनर्जी मोदी सरकार पर लगातार सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगा रही हैं तो वहीं अब उनकी करीबी नेता अचानक केंद्र की तारीफ करने लगी हैं.

Back to top button
error: Content is protected !!